सही और संतुलित पोषाहार संबंधी आदतों को जीवन की प्राथमिकताओं में करें शामिल : सिविल सर्जन



- शारीरिक गतिविधि व उचित मात्रा में संतुलित आहार का सेवन है स्वस्थ जीवन का आधार 


- बच्चों के जन्म के तत्काल बाद से जरूरी होता है स्वस्थ आहार पद्धति का अनुपालन


मुंगेर, 30 सितंबर। स्वस्थ व सक्रिय जीवन के लिये हमें उचित व पर्याप्त पोषक तत्वों की जरूरत होती है। शरीर के आहार संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिये अच्छा पोषण या उचित आहार का सेवन बेहद जरूरी है। इसके साथ ही नियमित शारीरिक गतिविधियों के साथ पर्याप्त, उचित व संतुलित आहार अच्छे स्वास्थ्य का आधार है। खराब पोषण से शरीर की रोग प्रतिरोधात्मक क्षमता प्रभावित होने के साथ ही हमारी शारीरिक व मानसिक क्षमता भी प्रभावित होती है। लगातार बढ़ते शहरीकरण और प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों का उपभोग व बदलते जीवन शैली के कारण हमारे आहार संबंधी व्यवहार में भी काफी बदलाव हुआ है। इससे लोगों में पोषण से जुड़ी  कई गलत धारणाएं व अंधविश्वास भी बढता जा रहा है। जो हमारे संपूर्ण शारीरिक विकास में बाधक बन रहा है।  


असंतुलित आहार बन रहा कई रोगों की वजह : 

शारीरिक विकास में उचित पोषण के महत्व के बारे में बताते हुए सिविल सर्जन डॉ. पीएम सहाय  ने बताया कि लोगों में अधिक ऊर्जा, वसा, शर्करा व नमक व सोडियम युक्त खाद्य पदार्थ के सेवन का चलन बढ़ रहा है। इसके विपरित पर्याप्त मात्रा में फल, सब्जी व रेशा युक्त साबुत अनाज के सेवन का चलन तेजी से घटता जा रहा है। जो असंतुलित आहार शैली को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने बताया कि उम्र, लिंग,जीवन शैली और शारीरिक गतिविधियां, संस्कृति व स्थानीयता के कारण आहार संबंधी मामलों को लेकर जगह- जगह अंतर पाया जाता है। लेकिन स्वस्थ आहार का गठन करने वाले मूल सिद्धांत नहीं बदलते वो हमेशा एक ही होते हैं। असंतुलित आहार सेवन से आज लोग कई तरह के रोग के शिकार हो रहे हैं। 


जीवन में जल्द शुरू होनी चाहिये स्वस्थ्य आहार शैली : 

सदर अस्पताल के एनआरसी में कार्यरत पोषण विशेषज्ञ (न्यूट्रिशन एक्सपर्ट) रचना  भारती बताती हैं कि उचित आहार में विभिन्न खाद्य पदार्थ शामिल होते हैं। जो संपूर्ण स्वास्थ्य,जीवन शक्ति, तंदुरूस्ती व आरोग्यता के लिये जरूरी है। उचित पोषण के मार्ग में सबसे बड़ी बाधा अपर्याप्त व असंतुलित आहार का सेवन है। जो कम वजन वाले बच्चों के  जन्म व कुपोषण की वजह है। स्वस्थ आहार पद्धति जीवन में जल्दी शुरू होनी  चाहिये। गर्भावस्था के दौरान पोषण की कमी बाद के जीवन में आहार संबंधी चिरकालिक रोगों की वजह बन सकती  है। वहीं स्तनपान बच्चों के समुचित विकास को बढ़ावा देता है। 


जागरूकता से कम होंगे कुपोषण के मामले : 

एनआरसी मुंगेर के नोडल अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि लोगों को लगता है कि दैनिक आहार से उनके शरीर को पोषण संबंधी सभी जरूरतें पूरी हो रही हैं । लेकिन कुछ मामलों में ऐसा होता नहीं है। आहार विविधता एक महत्वपूर्ण पहलू है। उचित पोषाहार वाले अनाज, फल व सब्जियों की उपलब्धता भी स्थानीय स्तर पर  पर्याप्त है। लेकिन जागरूकता की कमी से लोग इसका व्यवहार से परहेज करते हैं। जैसे सहजन, शलजम, चुकंदर गाजर, पपीता सहित कई प्रकार के साग जो घर के आसपास जंगल के रूप में उभर आते  पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। 

उन्होंने बताया कि उचित पोषण को बढ़ावा देने के लिये पूरा सितंबर माह पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है। विभिन्न स्तरों पर अलग अलग गतिविधियों के माध्यम से लोगों को उचित पोषण से संबंधित जानकारी दी जा रही है। ताकि संतुलित आहार सेवन को बढ़ावा देकर कुपोषण के मामलों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

रिपोर्टर

  • Dr. Rajesh Kumar
    Dr. Rajesh Kumar

    The Reporter specializes in covering a news beat, produces daily news for Aaple Rajya News

    Dr. Rajesh Kumar

संबंधित पोस्ट