बदलते मौसम में मौसमी बीमारियों के साथ-साथ डायरिया की भी बढ़ी संभावना, रहें सतर्क और सावधान

 


- पोषक तत्व का करें उपयोग, डायरिया के प्रकोप से रहेंगे दूर 

- गर्म और ताजा खाना का करें सेवन, साफ-सफाई का रखें विशेष ख्याल


खगड़िया, 25 जुलाई-


 लगातार हो रही बारिश और तापमान में उतार-चढ़ाव से मौसम में भी लगातार बदलाव हो रहा है। जिसके कारण सर्दी-खाँसी, जुकाम समेत अन्य मौसमी बीमारी आम हो गई है।  साथ ही डायरिया की भी संभावना बढ़ गई है। ऐसे में हमें विशेष सावधान और सतर्क रहने की जरूरत है। डायरिया से बचाव को लिए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहना चाहिए। दरअसल, बदलते मौसम में डायरिया की चपेट  में आने की  प्रबल संभावना हो जाती है। जिसके दायरे में कोई भी यानी सभी आयु वर्ग के लोग आ सकते  हैं  । डायरिया के कारण अत्यधिक निर्जलीकरण (डिहाइड्रेशन) होने से समस्याएँ बढ़ जाती  और उचित प्रबंधन के अभाव में यह जानलेवा भी हो जाता है। इसके लिए डायरिया के लक्षणों के प्रति सतर्कता एवं सही समय पर उचित प्रबंधन कर बच्चों को डायरिया जैसे गंभीर रोग से आसानी से सुरक्षित किया जा सकता है। 


- डायरिया से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी : 

सदर अस्पताल खगड़िया के उपाधीक्षक (डीएस) डाॅ योगेन्द्र सिंह प्रायसी ने बताया, डायरिया से बचाव के लिए लोगों में जागरूकता भी जरूरी है। साथ ही डायरिया संक्रमित मरीजों का समय पर इलाज शुरू कराने के साथ-साथ उचित स्वास्थ्य प्रबंधन भी जरूरी है। वहीं, उन्होंने बताया कि डायरिया से बचाव के लिए सामुदायिक स्तर पर लोगों को जागरूक करने के लिए जिले भर में सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा चल रहा है। जिसके तहत ओआरएस पैकेट के  वितरण के साथ-साथ इस बीमारी से बचाव के लिए लोगों को डायरिया के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार की जानकारी देते हुए जागरूक भी किया जा रहा है। 


- बदलते मौसम में सिर्फ मौसमी बीमारियाँ की  ही नहीं, बल्कि डायरिया की भी रहती है संभावना  : 

बदलते मौसम में ना सिर्फ मौसमी बीमारी की  बल्कि, डायरिया समेत अन्य बीमारियों की भी संभावना बढ़ जाती है। इसलिए, लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की जरूरत है।  साथ हीं  खानपान का विशेष ख्याल रखना चाहिए। पौष्टिक आहार के  सेवन पर बल देना चाहिए। क्योंकि, पोषण युक्त खाना संक्रामक और मौसमी बीमारियों से बचाव में काफी हद तक सहयोग करता है। 


- साफ-सफाई का रखें विशेष ख्याल :

डायरिया से बचाव को लेकर साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखने की जरूरत है। दरअसल, साफ-सफाई हमें ना सिर्फ किसी एक बीमारी बल्कि अनेकों बीमारी (खासकर संक्रामक)   से दूर रखती है। इसके लिए खाने से पहले हाथों की नियमित तौर पर अच्छी तरह सफाई करें। घर के आसपास गंदगी और जलजमाव नहीं होने दें। इसके अलावा डायरिया से बचाव को लेकर गर्म व ताजा खाना खाएं  और बासी खाना से दूर रहें । फ्रिज में रखें खाना खाने से परहेज करें। इसके अलावा समय पर खाना खाएं और अधिक देर तक भूखा नहीं रहें।

रिपोर्टर

  • Dr. Rajesh Kumar
    Dr. Rajesh Kumar

    The Reporter specializes in covering a news beat, produces daily news for Aaple Rajya News

    Dr. Rajesh Kumar

संबंधित पोस्ट