नियमित टीकाकरण • जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाएं और बच्चों को लगाया गया टीका

 
 
- डायरिया से बचाव, कोविड टीकाकरण, परिवार नियोजन, संस्थागत प्रसव के प्रति भी किया गया जागरूक 
- गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए नियमित टीकाकरण बेहद जरूरी, जरूर कराएं टीकाकरण 
 
खगड़िया-
 
 
बुधवार को  जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित आंगनबाड़ी  केंद्रों पर नियमित टीकाकरण (आर आई) शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें गर्भवती महिलाओं और बच्चों का टीकाकरण किया गया। यह टीकाकरण संबंधित आंगनबाड़ी  केंद्र की सेविका और स्थानीय आशा कार्यकर्ता के सहयोग से संबंधित क्षेत्र की एएनएम द्वारा किया गया। इस दौरान टीकाकरण के लिए आई गर्भवती महिलाओं को जरूरी सलाह दी गई और गर्भावस्था के दौरान खानपान, रहन-सहन, व्यक्तिगत  साफ-सफाई समेत गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सतर्कता सहित अन्य आवश्यक जानकारी भी दी गई। साथ ही धातृ महिलाओं को बच्चों के स्वस्थ और मजबूत शरीर निर्माण के लिए नियमित टीकाकरण कितना जरूरी है, नियमित टीकाकरण कराने से होने वाले फायदे समेत अन्य आवश्यक जानकारियाँ दी गई। 
 
- विभिन्न प्रकार के गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए नियमित टीकाकरण जरूरी : 
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ देवनंदन पासवान ने बताया, विभिन्न प्रकार के गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए नियमित टीकाकरण बेहद जरूरी है। इसलिए, मैं जिले की  तमाम गर्भवती महिलाओं  से खुद  और 0 से 02 आयु वर्ग के बच्चों के अभिभावकों से अपील करता हूँ कि अपने बच्चों का निश्चित रूप से बेहिचक टीकाकरण कराएं। इससे ना केवल गंभीर बीमारी से बचाव होगा, बल्कि सुरक्षित और सामान्य प्रसव को बढ़ावा भी मिलेगा।  बच्चों का शारीरिक विकास भी बेहतर तरीके से होगा। वहीं, उन्होंने बताया, शून्य से दो वर्ष तक के बच्चों को बीसीजी, ओपीवी, पेंटावेलेंट, रोटा वैक्सीन, आईपीवी, मिजल्स, विटामिन ए, डीपीटी बूस्टर डोज, मिजल्स बूस्टर डोज और बूस्टर ओपीवी के अलावा जेई (जापानी बुखार) के  टीके लगाए जाते हैं। जबकि, गर्भवती महिलाओं को टेटनेस-डिप्थीरिया (टीडी) का टीका भी लगाया जाता है। नियमित टीकाकरण बच्चों और गर्भवती महिलाओं को कई गंभीर बीमारी से बचाव करता है। साथ ही प्रसव के दौरान जटिलताओं से सामना करने की भी संभावना नहीं के बराबर रहती है। 
 
- डायरिया से बचाव, कोविड टीकाकरण, परिवार नियोजन, संस्थागत प्रसव के प्रति भी किया गया जागरूक : 
पिरामल फाउंडेशन के डीपीएल प्रफुल्ल झा ने बताया, नियमित टीकाकरण के दौरान मौजूद सभी लाभार्थियों एवं अन्य लोगों को डायरिया से बचाव, कोविड टीकाकरण, परिवार नियोजन, संस्थागत प्रसव समेत अन्य जरूरी सुविधा के प्रति भी जागरूक किया गया। इसके  दौरान जिले में चल रहे परिवार नियोजन पखवाड़ा, सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा, कोविड टीकाकरण आदि की भी विस्तृत जानकारी दी गई एवं लाभार्थियों के लिए सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी दी गई। इसके अलावा नियमित टीकाकरण के साथ-साथ योग्य लाभार्थियों को कोविड और जेई का टीका भी लगाया गया। साथ ही स्वच्छता पर भी बल दिया गया। इसको लेकर गर्भवती महिलाओं को व्यक्तिगत साफ-सफाई समेत आसपास के परिसर में साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखने को कहा गया। ताकि किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं हों। वहीं, उन्होंने बताया, नियमित टीकाकरण का सप्ताह में दो दिन आंगनबाड़ी  केन्द्रों पर आयोजन किया जाता है। प्रत्येक सप्ताह के बुधवार और शुक्रवार को टीकाकरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।

रिपोर्टर

  • Dr. Rajesh Kumar
    Dr. Rajesh Kumar

    The Reporter specializes in covering a news beat, produces daily news for Aaple Rajya News

    Dr. Rajesh Kumar

संबंधित पोस्ट